पिथौरागढ़। बीडी पांडे जिला अस्पताल में मरीजों को दो दिन से चर्म रोग का इलाज नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मृगांक शुक्ला के आपातकालीन में रात्रि ड्यूटी पर तैनात होना हैं।
जिला अस्पताल के एकमात्र चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ.शुक्ला की तैनाती है जो पिछले दो दिन से आपातकालीन में रात्रि ड्यूटी कर रहे हैं। कक्ष के दरवाजे पर उनके आने नहीं आने की कोई जानकारी चस्पा नहीं की गई है। इस कारण मरीज कक्ष के बाहर काफी देर इंतजार कर लौट रहे हैं। शनिवार को चर्म रोग विशेषज्ञ की तैनाती बेस में होने से भी मरीजों का परेशानी उठानी पड़ी।
पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने बताया कि चर्म रोग विशेषज्ञ की दो दिन रात की ड्यूटी लगाई गई थी जिस कारण वह दिन में ड्यूटी पर नहीं थे। उन्हें प्रत्येक सप्ताह के हर शनिवार को बेस अस्पताल में भी बैठना पड़ता है।