बनबसा (चंपावत)। ग्राम पंचायत भजनपुर में आयोजित ग्रामीण फुटबाल टूर्नामेंट में भजनपुर ए की टीम ने फागपुर बी को 2-0 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। मैच में भजनपुर ए के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
भजनपुर खेल मैदान में शुक्रवार को टूर्नामेंट के पांचवें दिन खेले गए मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता खड़क चंद और विशिष्ट अतिथि पूर्व बीडीसी सदस्य सविता और रवि कुमार ने संयुक्त रूप से किया। मैच के पहले हाफ में भजनपुर ए के विवेक चंद ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में शुभम चंद ने एक और गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। फागपुर बी की टीम कोई गोल नहीं कर सकी।
मैच में कैप्टन कैलाश सिंह चाड़ रेफरी रहे। हरीश चंद और कैलाश सिंह ने लाइनमैन की भूमिका निभाई। आंखों देखा हाल उमेश भट्ट ने सुनाया। यहां ग्राम प्रधान शांति देवी, रीता दसौनी, शिव चंद, अर्जुन चंद, गोपी चंद, हरीश नाथ, वीर बहादुर चंद, कैप्टन नवीन कुमार, किशन चंद, नरेश चंद और अजय चंद आदि थे।