पिथौरागढ़ के डिग्री कालेज भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में सोशल डिस्टेंस बनाकर बैठे मजदूर।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के डिग्री कॉलेज में बनाए गए राहत शिविरों में नेपाली नागरिकों के मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है। मंगलवार की शाम नेपाली नागरिकों के मनोरंजन के लिए भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला अधिकारी भी मौजूद रहे।
पिथौरागढ़ जिले के पिथौरागढ़, धारचूला और झुलाघाट में इस समय 14 सौ से अधिक नेपाली नागरिकों सहित बिहार, झारखंड और बहराइच के मजदूर रह रहे हैं। इनके भोजन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई है। लॉकडाउन और अंतरराष्ट्रीय झूला पुलों के बंद होने के कारण 1250 नेपाली नागरिक भारत में फंसे हैं। इनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। शिविर में रह रहे लोगों के तनाव को दूर करने के लिए प्रशासन की ओर से मंगलवार की शाम भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे, अपर जिला अधिकारी आरडी पालीवाल और उप जिलाधिकारी तुषार सैनी भी मौजूद रहे। उधर धारचूला में भी नेपाली नागरिकों के मनोरंजन के लिए भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार की शाम को भी धारचूला के अलग-अलग शिविरों में रह रहे लगभग 900 नेपालियों के मनोरंजन के लिए भजन संध्या आयोजित की गई। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी धारचूला एके शुक्ला उपस्थित रहे।