मुनस्यारी से मदकोट जा रही एक जीप बुधवार शाम करीब 6.30 बजे कैठी बैंड के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जीप में कुल आठ लोग सवार थे। इनमें से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। दुर्घटना का कारण जीप के ब्रेक फेल होना बताया गया है।
मुनस्यारी से जीप (यूके 05 टीए 2225) बुधवार शाम 5.30 बजे मदकोट के लिए रवाना हुई। जीप जैसे ही कैठी बैंड के पास पहुंची तो एक मोड़ पर असंतुलित होकर गहरी खाई में लुढ़क गई। जीप चालक वीरेंद्र धामी ने बताया कि ढलान वाली सड़क पर जीप के ब्रेक फेल हो गए थे।
दुर्घटना में घायल गोल्फा निवासी खड़क सिंह और निरतोली निवासी सुरेंद्र खत्री को ज्यादा चोट आई है, जबकि मदकोट निवासी चंदन राम, तुलसी देवी और रिंगू निवासी नवीन सिंह को हल्की चोट है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डा. जेएस पांगती और डा. प्रकाश चौधरी घायलों का इलाज कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर है। मुनस्यारी-मदकोट रोड की हालत बेहद खराब है। इसमें अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।