पिथौरागढ़। बेड़ीनाग विकासखंड के रुईनाथल गांव में एक व्यक्ति ने व्यापारी को आठ रुपये का सामान उधार नहीं देने पर पीट दिया। घायल व्यापारी को बेड़ीनाग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
रुईनाथल निवासी शेर नाथ (54) गांव में ही परचून की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार शाम पांच बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने उनसे आठ रुपये का सामान उधार मांगा। व्यापारी ने उस व्यक्ति को पुराना उधार चुकाने के बाद ही नया उधार देने को कहा। इस बीच दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
उधार मांगने वाले व्यक्ति ने व्यापारी को डंडे से पीटकर अधमरा बना दिया। व्यापारी के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में 10 से अधिक टांके लगे हैं। उनको बेड़ीनाग से निजी टैक्सी से जिला अस्पताल लाया गया।
राजस्व उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में उन्हें मौखिक सूचना मिली है। लिखित सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।