बेड़ीनाग में स्टेट बैंक के बाहर लगी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
नोटबंदी के दो माह बाद भी यहां बैंकों में हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। बुधवार को स्टेट बैंक में कैश पहुंचने की सूचना मिलते ही भारी संख्या में लोग भुगतान लेने पहुंच गए। बैंक ने अब लोगों को सप्ताह में 24 हजार रुपए तक का भुगतान देना शुरू कर दिया है। एटीएम में भी पैसा पड़ चुका है, लेकिन 500 के नोट की कमी के कारण अभी लोगों को एटीएम से चार हजार रुपए ही मिल पा रहे हैं।
आठ नवंबर की रात हुई नोटबंदी के बाद से यहां के बैंकों में कैश की किल्लत बनी हुई है। कैश न होने से पिछले कई दिनों तक एटीएम का संचालन बंद रहा। बैंक के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल के लिए कैश उपलब्ध है। कोशिश की जा रही है कि सभी को भुगतान मिल जाए। एटीएम के जरिए भी लोगों को राहत देने की कोशिश की जा रही है। इधर, आम लोगों का कहना है कि सरकार को भुगतान की राशि बढ़ानी चाहिए, तभी लोगों को राहत मिल पाएगी।
सरकार को 50 दिन के तुरंत बाद बैंकों में पर्याप्त पैसा पहुंचाना चाहिए और भुगतान की राशि बढ़ानी चाहिए थी। अब तक इस दिशा में सरकार ने कोई फैसला नहीं लिया है। यदि बैंक में कैश की कमी हो जाए तो लोगों की मुसीबत बढ़ने लगती है। बेड़ीनाग स्टेट बैंक में पेंशनरों और वेतनभोगियों के खाते ज्यादा हैं। व्यापारी और आम लोगों के खाते भी इसी बैंक में हैं।
जिला मुख्यालय में अभी लोग राहत में
पिथौरागढ़। स्टेट बैंक एवं अन्य बैंकों में कैश आने से जिला मुख्यालय में फिलहाल लोगों को राहत मिल रही है। बैंक में दो हजार और 500 के नोट पर्याप्त संख्या में हैं। एटीएम से भी लोगों को 4500 रुपए मिल रहे हैं। स्टेट बैंक के डिप्टी मैनेजर मुन्ना गिरी गोस्वामी ने बताया कि अभी कुछ दिनों के लिए कैश उपलब्ध है। कैश की अगली खेप जल्दी ही आ जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी एटीएम से पैसे निकल रहे हैं। लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी। बुधवार को भी बैंक में भुगतान पाने वालों की भीड़ लगी रही। बैंक सप्ताह में अधिकतम 24 हजार रुपए का भुगतान आसानी से कर रहा है।