डोर गांव के घोड़ागड़ तोक में भालू का आतंक एक बकरीपालक पर भारी पड़ा है। भालू ने रात में बाड़े में घुसकर 10 बकरियों को मार डाला। कई बकरियों के शरीर के अंग जंगल में मिले हैं।
बकरीपालक जगत सिंह ने बताया कि बकरियों के मारे जाने की बात का पता उन्हें शनिवार की सुबह चला। बकरी बाड़े के दरवाजे टूटे हुए थे। बकरियों के शव इधर-उधर बिखरे हुए थे।
भालू ने बकरियों को शुक्रवार की रात किसी समय मार डाला होगा। रात में तेज बारिश हो रही थी, जिस वजह से घटना का पता तब नहीं चल सका। सूचना पर मौके पर पहुंचे वन रक्षक घनश्याम पांडे ने भी भालू द्वारा बकरियों के मारे जाने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि बकरियों के कई अंग गायब हैं। इस तरह के हमले भालू ही करता है। पशु चिकित्सक डॉ. संजय बसेड़ा ने बकरियों का पोस्टमार्टम किया। वन रक्षक ने बताया कि उच्चाधिकारियों को घटना की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। जल्द ही पीड़ित को मुआवजा दिलाया जाएगा।