नगर के ऐंचोली क्षेत्र में पानी की टंकी में डूबने से बीबीए के छात्र की मौत हो गई। वह टंकी में नहा रहा था।
ऐंचोली के पनलोट निवासी शुभम रावत (18) पुत्र दीपक रावत रविवार सुबह करीब 11 बजे अपने कुछ साथियों के साथ एसएसबी के निर्माणाधीन परिसर में निर्माण कार्य के लिए बनी पानी की टंकी में नहा रहा था। इसी दौरान वह टंकी में डूब गया। घर के लोग खोजबीन करने मौके पर पहुंचे तो शुभम पानी की टंकी पर अचेत पड़ा था। उसका कोई साथी मौके पर नहीं था। सूचना पर पूर्व जिपं अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा समेत तमाम लोग मौके पर पहुंचे। इन लोगों ने शुभम को टंकी से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम पिथौरागढ़ कॉलेज में बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र था।
शुभम की मौत की सूचना मिलने के बाद से उसके परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पूर्व जिपं अध्यक्ष बोहरा ने बताया कि जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने की बात कही है।