पिथौरागढ़। बेस अस्पताल में एक सप्ताह बाद भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती नहीं होने से मरीज और तीमारदार परेशान हैं। बेस में वर्तमान में ओपीडी, सीटी स्कैन, डायलिसिस यूनिट का संचालन किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि सरकार को यहां पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करने के साथ ही अन्य सुविधाएं भी बढ़ानी चाहिए।
उनका कहना है कि विषम भौगोलिक परिस्थिति को देखते हुए बेस का संचालन पूरी व्यवस्थाओं के साथ होगा तो अच्छा रहेगा। ओपीडी के साथ ही अब यहां पर आईपीडी भी शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि जिनके पास वाहन नहीं हैं उन्हें गर्मियों में मरीजों को लेकर बेस तक पैदल पहुंचना काफी कठिन होगा। ऐसे में गंभीर मरीज के साथ कोई भी हादसा रास्ते में हो सकता है।
तीमारदारों का कहना है कि जिला अस्पताल में 120 बेड मरीजों के लिए हैं लेकिन यहां पर अधिकतर समय बेडों के सापेक्ष 130 से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। ऐसे में बेस एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
घर के नजदीक बेस में उपचार के लिए आकर अच्छा लगा लेकिन अब भी यहां पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती जरूरी है। लैब, एक्सरे भी होने चाहिए। सभी व्यवस्थाएं जल्द से जल्द की जानी चाहिए। -अनिल, मरीज, लिंठ्यूड़ा
सीटी स्कैन के लिए थल से अपनी भाभी को लेकर पिथौरागढ़ बेस आकर अच्छा महसूस कर रहा हूं। यदि बेस में आईपीडी भी शुरू की जाती तो बड़ी आबादी को लाभ मिलता। सरकार को इस पर काम करना चाहिए। -बंशीधर भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य चिटगल, थल।
बेटी शुक्रवार से जिला अस्पताल में भर्ती है। जिला अस्पताल से पैदल सीटी स्कैन के लिए पत्नी के साथ पहुंचा हूं। अब यहां पर कोई सीटी स्कैन नहीं हो रहा है। बेटी का उपचार कर रहे डॉक्टर जिला अस्पताल में है। अब बिना बेहोश किए सीटी स्कैन नहीं हो पा रहा है। सोमवार को आने का कहा गया है। -विजय राम, तीमारदार, जाजरचिंगरी
पिता को सांस लेने में दिक्कत के साथ ही खून की उल्टी हो रही है। जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए हैं। डॉक्टर ने सीटी स्कैन के लिए लिखा था। तब यहां आए हैं। अगर यहां पर आईपीडी की व्यवस्था होती तो बार-बार दौड़भाग नहीं करनी पड़ती। -अनिल कुटियाल, तीमारदार धारचूला।