पिथौरागढ़। राजकीय शिक्षक संघ ने बरम क्षेत्र के 60 आपदा प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री बांटी। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सभी परिवारों को राशन, बर्तन और कपड़े सहित दैनिक जीवन में प्रयुक्त होने वाला जरूरी सामान दिया।
शुक्रवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज बरम में बनाए राहत शिविर में राहत सामग्री वितरित की। 27 जुलाई की रात आई भीषण आपदा में घरों के टूटने के कारण शिविर में रह रहे मोरी, लुम्ती, हुड़की, घरुड़ी के 60 परिवारों के 190 लोगों को राशन, कपड़े, बर्तन, चप्पलें आदि सामान दिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोविंद भंडारी ने कहा कि शिक्षक समाज ऐसे कठिन समय में आपदा पीड़ित परिवारों के साथ हर प्रकार से खड़ा है।
आगे भी संगठन की जन सहायतार्थ मुहिम जारी रहेगी। उन्होंने इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों का आभार जताया। राहत सामग्री वितरण में जिला मंत्री प्रवीण सिंह रावल, संयुक्त मंत्री विक्रम सिंह दिगारी, कोषाध्यक्ष मनोज पांडेय, गंगा प्रसाद पंत, मोहित बिष्ट, योगेश चंद्र जोशी, बीएस चुफाल, गोविंद बल्लभ भट्ट, राकेश पांडेय, करन सिंह थापा, राजेंद्र सिंह शाही, भगवान सीपाल, मुकेश उपाध्याय, नीरज चंद्र जोशी, जीवन चंद्र जोशी, मुकेश उपाध्याय, करन थापा, नीरज जोशी, राजेंद्र शाही, गोविंद भट्ट आदि शिक्षक मौजूद रहे।