लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट के पोखरीखाल में राज्य स्तरीय मां लड़ीधूरा वाॅलीबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। प्रतियोगिता में 12 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में बाराकोट क्लब ने काकड़ को पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
यूथ क्लब बाराकोट की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों से जोड़ने के लिए आयोजकों की सराहना की। उद्घाटन मुकाबला बाराकोट क्लब और काकड़ टीम के बीच खेला गया। जिसमें बाराकोट की टीम ने सीधे सेटों में 25-21, 25-23 अंकों से शानदार जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में लोहाघाट क्लब ने चंपावत को सीधे मुकाबले में 25-22,25-21 से पराजित किया। आयोजन में वीरू अधिकारी, जीतू अधिकारी, भुवन अधिकारी, राजू अधिकारी, सूरज शर्मा, विपुल, निखिल, शुभम, अभिषेक, दीपांशु, आयुष, रौनिक, हरीश, नितिन, विवेक आदि सहयोग कर रहे हैं।