बनबसा (चंपावत)। एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बैग और रिपेयरिंग की दुकान से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और भारत, नेपाल की नकदी बरामद की है। आरोपी दुकानदार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपी पर पहले भी बनबसा थाने में आबकारी अधिनियम में एफआईआर पंजीकृत होना बताया गया है।
मंगलवार देर शाम एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट और बनबसा पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर बनबसा के मीना बाजार क्षेत्र में बैग बेचने वाले और रिपेयरिंग करने वाले बंटी सिंह मूल निवासी इस्लामनगर बदायूं व हाल निवासी फागपुर की दुकान पर छापा मारा। यहां से टीम को प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद हुईं।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/ 20/ 27 के तहत अभियोग पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में उसने पीलीभीत और बरेली से नशीली दवा खरीदकर इन्हें महंगे दामों पर नेपाल में बेचने की बात कही।
एसओजी और पुलिस टीम ने उक्त आरोपी की दुकान से नशे में काम आने वाली 10 शीशी सिरप, 126 टैबलेट, 1490 कैप्सूल के अलावा 9060 रुपये की भारतीय मुद्रा और 30700 रुपये की नेपाली मुद्रा बरामद की है।
करीब 21 ग्राम स्मैक के साथ एक नेपाली युवक पकड़ा
बनबसा (चंपावत)। बीती देर शाम धनुषपुल के निकट बनबसा थाने के एसआई दिलबर सिंह भंडारी अपनी टीम के साथ गश्त और चेकिंग अभियान पर थे। इसी बीच, धनुषपुल के करीब से एक नेपाली युवक को रोक तलाशी लेने पर उससे 20.90 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि नेपाल के कंचनपुर जिले के दैजी गांव निवासी द्रोण बहादुर बम पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।