धारचूला (पिथौरागढ़)। 11 और 12 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पांच अक्तूबर से आदि कैलाश और ओम पर्वत के लिए पर्यटकों सहित जन सामान्य की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। एसडीएम की ओर से भारत तिब्बत सीमा पुलिस को पत्र के जरिए इसकी सूचना दे दी गई है।
आईटीबीपी मिर्थी के सीओ को भेजे पत्र में एसडीएम धारचूला दिवेश शाशनी ने कहा है कि ग्राम गुंजी, कालापानी और ज्योलिकांग में वीआईपी कार्यक्रम प्रस्तावित है। वर्तमान में आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा संचालित है। उन्होंने कहा है कि इस कार्यक्रम को देखते हुए पांच अक्तूबर से आदि कैलाश एवं ओम पर्वत यात्रा पर रोक रहेगी। छह अक्तूबर से स्थानीय ग्रामीण और वीआईपी कार्यक्रम में तैनात कर्मियों को ही इनर लाइन अनुमति प्रदान की जाएगी।
इनसेट
आपदा सचिव रंजीत सिन्हा नारायण आश्रम पहुंचे
धारचूला। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए आपदा सचिव रंजीत सिन्हा देहरादून से हेलीकॉप्टर से नारायण आश्रम आए हैं। डीएम रीना जोशी और एसडीएम दिवेश शाशनी भी शनिवार को व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए हेलीकॉप्टर से नारायण आश्रम रवाना हुए। तीनों अधिकारी सचिव, डीएम और एसडीएम सड़क मार्ग से धारचूला आएंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए चौदास घाटी के 10 से अधिक गांवों के लोग 24 सितंबर को ग्राम सोसा में गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर बैठक करेंगे। उधर व्यास घाटी के सात गांव के लोगों के साथ रं कल्याण संस्था के पदाधिकारी बैठक करेंगे। संवाद
पीएम के दौरे से पिथौरागढ़ के धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान : जोशी
पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय पिथौरागढ़ भ्रमण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी का कहना है कि प्रधानमंत्री के दौरे से कैलाश आदि कैलाश काॅरिडोर और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
शनिवार को जिलाध्यक्ष जोशी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सीमांत को बड़ी सौगात देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले को पहचान दिलाएंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर नारायण आश्रम, गुंजी और ज्योलिकांग में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
जिला मुख्यालय में होने वाली जनसभा की तैयारियां भी समय से पूरी हो जाएंगी। नैनीसैनी हवाई अड्डे से लेकर सभा स्थल तक 11 किलोमीटर क्षेत्र में सड़क में हॉटमिक्स का कार्य किया जा रहा है। सरकारी विभाग अपने भवनों को रंगरोदग करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर पीएम पिथौरागढ़ आ रहे हैं। संवाद