धारचूला के बलुवाकोट में रेडक्रास की जमीन का निरीक्षण करते राजस्व कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
एसडीएम के आश्वासन पर राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट के छात्रों का क्रमिक अनशन समाप्त हो गया है। छात्रों की मांग पर राजस्व विभाग की टीम ने रेडक्रास की भूमि का निरीक्षण किया। इस भूमि पर खेल मैदान बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
महाविद्यालय में एमए की कक्षाओं का संचालन शुरू करने और रेडक्रास की बेकार पड़ी भूमि को महाविद्यालय को हस्तांतरित करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर एबीवीपी के छात्र क्रमिक अनशन कर रहे थे। एसडीएम आरके पांडेय ने शुक्रवार देर शाम अनशन स्थल पहुंचकर छात्रों से वार्ता की। छात्रों की मांगों को शासन स्तर पर भेजने के आश्वासन के बाद अनशनकारी छात्रों ने अनशन समाप्त कर दिया।
शनिवार सुबह राजस्व निरीक्षक हुकुम सिंह धामी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने रेडक्रास की भूमि का निरीक्षण किया। इधर, एबीवीपी के संदीप बोरा, दीपक धामी सहित अन्य आंदोलनकारी छात्रों ने कहा कि 15 दिन में एमए की कक्षाओं के संचालन का शासनादेश नहीं आने पर फिर से आंदोलन किया जाएगा।