मुंबई में यूपीएल विजेता टीम ट्राफी के साथ।
- फोटो : PITHORAGARH
कौथिग फाउंडेशन की ओर से मुंबई में आयोजित उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता 2019 बद्री केदार की टीम ने जीत ली है। खिताबी मुकाबले में बद्री केदार की टीम ने पिथौरागढ़ पैंथर्स को 30 रन से हराया।
सोमवार को नवी मुंबई के राजीव गांधी स्टेडियम बेलापुर में बद्री केदार और पिथौरागढ़ पैंथर्स के बीच खिताबी मुकाबला हुआ। बद्री केदार की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित ओवर 20 ओवर में 85 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी पिथौरागढ़ पैंथर्स 55 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
प्रतियोगिता के हीरो पिथौरागढ़ पैंथर्श के धर्मेंद्र खोलिया रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से धमाल मचाते हुए मैन ऑफ द सिरीज का खिताब जीता। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब प्रतियोगिता के सबसे उम्र दराज खिलाड़ी सुरेश राणा (55) यूपीएल के चेयरमैन को मिला। विजेता टीम को ट्राफी के साथ एक लाख, उप विजेता टीम को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड की 16 टीमों ने प्रतिभाग किया था।
उत्तराखंड प्रीमियर लीग के चेयरमैन सुरेश राणा ने सहयोग के लिए आभार जताया। उत्तराखंड की खोज अभियान के संयोजक जगजीवन कन्याल ने कहा कि आयोजन से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को मौका मिलता है। गिरवीर नेगी, नरेंद्र जोशी, माधवानंद भट्ट, जगदीश सावंत, देव चंद, ममता भट्ट, योगेश्वर शर्मा, विजया पंत, तुली समेत तमाम लोगों ने खिताबी मुकाबले का लुत्फ उठाया।