पिथौरागढ़। सात अक्तूबर से होने वाले ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट को कराने का अवसर पिथौरागढ़ के हाथों से छिन गया है। इसके पीछे मौसम को कारण बताया गया है। लाखों रुपये खर्च कर देव सिंह मैदान का समतलीकरण और विस्तारीकरण करने के बाद भी टूर्नामेंट स्थगित होने से खेल प्रेमियों में निराशा है।
चौथा ऑल इंडिया आमंत्रण फुटबाल टूर्नामेंट इस बार सीमांत जिले में होना था। इसकी तिथि सात अक्तूबर से तय हुई थी। टूर्नामेंट के लिए नगर के देव सिंह मैदान का समतलीकरण और विस्तारीकरण किया गया था जिस पर 60 लाख रुपये खर्च हुए थे। आयोजन की तैयारी के लिए पूर्व में बैठकों का दौर भी चला। हर हाल में टूर्नामेंट कराने के दावे किए गए। बाकायदा देश की फुटबाल टीमों को आमंत्रण भी भेजा गया लेकिन अब इस टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया गया है।
खेल विभाग और जिला प्रशासन ने जिले में मौसम की खराबी का हवाला देकर ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन को टूर्नामेंट को स्थगित करने के लिए पत्र भेजा था। इस पर फेडरेशन ने अपनी मुहर भी लगा दी है। टूर्नामेंट को स्थगित करने के फैसले पर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। आगे आयोजन होगा या नहीं, किसी के पास इसका स्पष्ट जवाब नहीं है।
60 लाख रुपये से अधिक सहयोग राशि भी हुई है एकत्र
ऑल इंडिया आमंत्रण फुटबाल टूर्नामेंट कराने के लिए व्यापार संघों, बैंकों, टैक्सी एसोसिएशन, जिले में निर्माण और सड़कों का काम कर रहीं कंपनियां, इंडियन ऑयल, ठेकेदारों, स्वर्णकारों सहित संगठनों से सहयोग राशि एकत्र की गई। सूत्रों के मुताबिक, अब तक टूर्नामेंट के लिए 60 लाख रुपये से अधिक की सहयोग राशि भी एकत्र हो चुकी है। इसके बाद अचानक से टूर्नामेंट को स्थगित करने का फैसला किसी के गले नहीं उतर रहा है।
ये टीमें लेने वाली थीं हिस्सा
महाराष्ट्र, मणिपुर, जालंधर, राजस्थान, यूपी, तमिलनाडु सहित देश के विभिन्न राज्यों की टीमें टूर्नामेंट करने वाली थीं प्रतिभाग।
कोट
फिलहाल ऑल इंडिया आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट स्थगित किया गया है। प्रदेश में आई आपदा की सूचना मिलने के बाद कई टीमों ने टूर्नामेंट में शामिल होने पर असहमति जताई है। टूर्नामेंट की नई तिथि घोषित की जाएगी। - राजेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष, फुटबाल संघ, पिथौरागढ़
सात अक्तूबर से टूर्नामेंट शुरू होना था इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। इस बीच मौसम खराब होने से फिलहाल टूर्नामेंट को स्थगित करने का निर्णय लिया है। ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन को इससे संबंधित पत्र भेजा गया है। - अनूप बिष्ट, जिला क्रीड़ा अधिकारी, पिथौरागढ़