नाचनी में क्षतिग्रस्त बांसबगड़-कोटा से लिंक मलौन-खड़िग सड़क मार्ग।
- फोटो : PITHORAGARH
नाचनी (पिथौरागढ़)। लोगों ने बांसबगड़-कोटा से लिंक मलौन-खड़िग सड़क ठीक करने की मांग की है। तीन किमी सड़क बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। उबड़ खाबड़ और बदहाल सड़क से आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दो साल पहले निर्मित सड़क पर अप्रैल 2020 में डामरीकरण की तैयारी की जा रही थी।
भारी बारिश के कारण यह सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते डामरीकरण का काम भी अब ठंडे बस्ते में चला गया है। ग्राम प्रधान पुष्पा देवी और सामाजिक कार्यकर्ता धाम सिंह दानू ने कहा सड़क ठीक नहीं होने से तीन हजार से अधिक की आबादी परेशान है। उन्होंने सड़क मार्ग को जल्दी सुधारने की मांग की है। ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीवन सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि तीन किमी सड़क पर डामरीकरण के लिए दीवारों के निर्माण और पत्थर बिछाने का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका था। अतिवृष्टि से सड़क का ढाई किमी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। आपदा मद से निर्माण होना संभव नहीं है। शासन को निर्माण के लिए डीपीआर भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।