मूनाकोट के अड़किनी सड़क पर दो दिन पहले किया गया डामर।
- फोटो : PITHORAGARH
झूलाघाट/मूनाकोट (पिथौरागढ़)। मड़ेगांव-अड़किनी सड़क पर मानकों को ताख पर रखकर मिट्टी से पटी सड़क पर डामरीकरण किया जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर लोनिवि के अधिकारियों ने सड़क पर डामरीकरण की जांच के लिए टीम भेजने की बात कही है।
मड़ेगांव-अड़किनी सड़क पर गुणवत्ताविहीन कार्य होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि विभाग की अनदेखी से सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। बताने के बावजूद विभाग के अधिकारी के मौका मुआयना नहीं कर रहे हैं।
इस कारण ठेकेदार मनमर्जी से काम कर रहे हैं। कमोबेश यही हाल क्वीतड़ सड़क का भी है। मिट्टी से पटी पूरी सड़क पर सफाई के बिना डामरीकरण किया जा रहा है।
क्वीतड़ के क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनोज कुमार ने शनिवार को ध्याण के पास हो रहे डामरीकरण की शिकायत लोनिवि के अधिकारियों से की। उन्होंने मिट्टी में हो रहे डामरीकरण को बंद करने की मांग की है।
पंचायत प्रतिनिधि ने बताया इस क्षेत्र में पिछले साल भी डामरीकरण को रोका गया लेकिन फिर से मिट्टी पर डामर डालने से उसी समय उखड़ रहा है। इसके बावजूद विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
अड़किनी सड़क पर डामरीकरण का कार्य चल रहा है। मिट्टी पर डामरीकरण मिलने की शिकायत के बाद टीम को सड़क में हो रहे डामरीकरण की जांच के लिए भेजा जा रहा है। कमी मिलने पर ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- किशन बिष्ट, एई, लोनिवि पिथौरागढ़।