तहसील प्रशासन ने चाय बागानों की जमीन पर बन रहे 25 निजी भवनों का निर्माण कार्य बृहस्पतिवार को रोक दिया। भवन निर्माण करने वालों के पास जमीन का कोई कागजात नहीं मिला। जिलाधिकारी डा. रंजीत सिन्हा के आदेश और एसडीएम वैभव गुप्ता के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की।
राजस्व विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार रघुवीर सिंह के नेतृत्व में जवाहर चौक, मुख्य बाजार, बना बैंड, डिग्री कॉलेज रोड पर गहन चेकिंग अभियान चलाया। जिन लोगों के मकान बन रहे हैं, उनसे कागजात मांगे गए, लेकिन किसी भी व्यक्ति के पास जमीन का वैध कागजात नहीं मिला। बता दें कि 19 फरवरी को प्रशासन ने डीएम के आदेश पर चौकोड़ी में बन रहे एक रिजॉर्ट को सील किया था। उसके बाद तहसील प्रशासन की टीम लगातार अवैध निर्माण पर नजर रखे है। नायब तहसीलदार ने बताया कि नए भवनों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। जो भी अवैध निर्माण होगा उसे तत्काल रोक दिया जाएगा।
बेड़ीनाग में चाय बागानों की जमीन पर हाल के वर्षों में तेजी से अवैध निर्माण हुए हैं। यह जमीन आपसी सहमति के बाद खरीदी और बेची जा रही है। जमीन की न तो रजिस्ट्री हो रही है और न सरकार को कोई राजस्व मिल रहा है। चेकिंग अभियान में राजस्व उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह बोरा, दीपक कुमार, निर्मल सिंह बोरा, अनूप सिंह आदि शामिल हुए।