पिथौरागढ़/चंपावत। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में पहली बार विभिन्न विद्यालयों के बच्चे अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देकर उत्साहित नजर आए। रविवार को एसडीएस राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा का आयोजन किया गया था।
परीक्षा के लिए नौ, 10, 11 और 12वीं कक्षा के 51 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 24 ने परीक्षा दी। परीक्षा में टनकपुर, थल, पुराना थल, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, पांखू, मदकोट, जीआईसी गौड़ीहाट और पिथौरागढ़ के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा संपन्न कराने में प्रधानाचार्य एसडीएस पुष्पराज भट्ट ने विशेष सहयोग दिया। इस मौके पर विद्यालय के कर्मी किशन मौजूद रहे।
इधर चंपावत में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चंपावत में छात्रवृत्ति परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। जिले में 27 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस परीक्षा में मेरिट में आने वाले छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति दी दी जाती है। सामाजिक कार्यकर्ता मंदीप सिंह ढेक ने सहयोग किया।
यह छात्रों के लिए एक बेहतर मौका है। परीक्षा देकर अच्छा लगा। भविष्य में भी इस परीक्षा को पिथौरागढ़ में आयोजित करना चाहिए। - देवेश्वरी, छात्रा।
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा जरूरतमंद छात्रों के लिए एक अच्छा मौका है। वह इस परीक्षा में अंक प्राप्त कर छात्रवृत्ति योजना से अपना भविष्य संवार सकते हैं। - दिनेश कुमार, छात्र।