पिथौरागढ़ के डीएम डा. रंजीत सिन्हा
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने बैंक में पर्याप्त धनराशि होने के बाद भी एटीएम में पैसा नहीं डालने और ग्राहकों को परेशानी होने पर संबंधित बैंक प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। बैंकर्स की बैठक लेते हुए जिलाधिकारी ने स्टेट बैंक के प्रबंधकों को एटीएम में पर्याप्त धनराशि डालने के निर्देश दिए।
मुख्य शाखा प्रबंधक एके जोशी को निर्देश दिए कि अन्य बैंकों को भी पर्याप्त मात्रा में पैसा उपलब्ध कराएं। डीेएम ने कहा बैंकों में पैसा होने के बाद भी ग्राहकों को परेशानी हुई तो संबंधित शाखा प्रबंधक को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। डीएम ने सभी बैंकर्स को निर्देश दिए कि कोई भी व्यक्ति अपना नया खाता खोलना चाहता है तो तुरंत उसका बैंक खाता पुराने या नए नोट से खोला जाए।
डीएम ने कहा कि आरबीआई से जो भी धनराशि मांगी जानी है, उसकी मांग तुरंत करें। नागरिकों में किसी प्रकार का भय का माहौल नहीं होना चाहिए। जो भी किसान ऋण लेना चाहे, उसे मांग के अनुरूप ऋण उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि बैंकिंग से संबंधित कोई भी समस्या होने पर फोन नंबर 05964-228050 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। बैठक में सीडीओ आशीष कुमार चौहान, एडीएम मोहम्मद नासिर के साथ ही तमाम बैंक अधिकारी मौजूद थे।