तेजम में बंद पड़ा एसबीआई का एटीएम। स्रोत: ग्रामीण
नाचनी (पिथौरागढ़)। तेजम तहसील में एसबीआई के दो एटीएम खराब चल रहे है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील मुख्यालय तेजम का एटीएम एक सप्ताह और नाचनी का शुक्रवार से खराब है। उपभोक्ताओं को बैंक में जाकर रुपये आहरण करने पड़ रहे हैं। इससे बैंक में भीड़ भी बढ़ रही है। तेजम के पूर्व प्रधान हरीश चंद्र सिंह रावत और वर्तमान प्रधान गजराज रावत ने एसबीआई से एटीएम को ठीक कराने का अनुरोध किया है। नाचनी एसबीआई शाखा प्रबंधक आफरीन खान ने बताया कि दोनों एटीएम ठीक करने के लिए तकनीशियन बुलाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार तक एटीएम चालू हो जाएंगे। संवाद
अस्कोट में आधार कार्ड मशीन खराब
अस्कोट (पिथौरागढ़)। दो सप्ताह से मशीन खराब होने से पोस्टऑफिस में आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोस्टमास्टर दीवान सिंह खोलिया ने बताया कि मशीन सुधारने के लिए पिथौरागढ़ भेजी गई है। बीपीएल परिवार के चनी राम ने बताया कि आधार कार्ड बनाने के लिए तीन बच्चों को लेकर डीडीहाट जाना पड़ा। आने-जाने में ही 1200 रुपये खर्च हो गए। व्यापार संघ अध्यक्ष टिकेंद्र पाल, राज्य आंदोलनकारी गोविंद सिंह रावत का कहना है कि पोस्टऑफिस में बार-बार मशीन खराब हो जाती है। इससे दूरदराज से आने वाले लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मशीन को जल्द ठीक करने की मांग उठाई है। संवाद