दोस्त को चाकू मारने का आरोपी पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। एक हजार रुपये के लेनदेन को लेकर एक युवक ने अपने दोस्त को जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित युवक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को चाकू के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार जौरासी निवासी तेज सिंह बोहरा और गौड़ीहाट निवासी हरीश सिंह दोस्त थे। कुछ समय पूर्व हरीश ने तेज सिंह को एक हजार रुपये उधार दिए थे। जब हरीश ने रुपये मांगे तो दोनों में विवाद हो गया। इसी बीच, हरीश ने तेज सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। तेज सिंह ने 21 जनवरी को हरीश के खिलाफ थाने में तहरीर सौंपी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी युवक हरीश को हुड़कना पुल के पास वड्डा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।