राईआगर सड़क में इस तरह चल रहा है निर्माण कार्य। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। भगौरा से राई आगर तक सड़क पर डामरीकरण और अन्य सुधारीकरण के कार्य फिर से किए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों की शिकायत के बाद प्रशासन की टीम ने सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान सुधारीकरण कार्य में कमियां पाई गई।
भगोरा से राईआगर तक हो रहे सड़क सुधारीकरण के काम की गुणवत्ता पर शुरू से ही सवाल उठते रहे हैं। उन्नीस करोड़ रुपये की लागत से 23 किमी सड़क सुधारीकरण का कार्य होना था। सात किमी पनार से घाट और 16.7 किमी भगोरा से राई आगर तक का काम दिल्ली की एक कंपनी कर रही है। सड़क पर हॉटमिक्स डामरीकरण, कलवर्ट और सुरक्षा दीवार बनाई जानी है। ठेकेदार ने सितंबर में काम शुरू कर दिया था।
शुरुआत से सामाजिक, राजनीतिक, पंचायत प्रतिनिधियों ने काम की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए थे। डीएम के आदेश पर अक्तूबर में एसडीएम एके शुक्ला ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद एसडीएम शुक्ला ने सड़क का निरीक्षण किया। उन्हें सड़क पर कई प्रकार की अनियमितताएं मिली। कई जगह डामर उखड़ा हुआ था। एसडीएम ने एनएच और ठेकेदार को दोबारा से डामरीकरण के आदेश दिए हैं।
करीब 16 किमी का सफर तय करने में डेढ़ घंटे से अधिक का समय लगता है। एनएच ने काम तो शुरू करवाया लेकिन काम की गुणवत्ता को लेकर बार-बार सवाल उठते रहे। जिला पंचायत सदस्य दिवाकर रावल ने बताया कि वह काम ठीक कराने की मांग कई बार कर चुके हैं। उच्चाधिकारियों को पत्र भेज चुके है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पिछले सप्ताह टैक्सी यूनियन अध्यक्ष उमेश भट्ट और महादेव सेना अध्यक्ष आदित्य मेहरा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर पुतला फूंका गया था। आरोप था कि पालाग्रस्त क्षेत्र में हॉटमिक्स का काम देर रात तक किया जा रहा है। विधायक फकीर राम टम्टा का कहना है कि गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। एनएच के एई हरीश सिंह बर्थयाल का कहना है जहां डामर किया जा रहा है वहां साइट पर लैब लगाई गई है। जांच के बाद ही डामरीकरण कार्य किया जा रहा है।