अस्कोट (पिथौरागढ़)। ऐतिहासिक अस्कोट-कालापानी पैदल मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से गर्जिया गांव के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधीन आने वाले इस मार्ग की सुध न लेने से ग्रामीणों में रोष है।
गर्जिया गांव के पास मार्ग का एक बड़ा हिस्सा टूट चुका है जिससे बुजुर्गों और बच्चों के लिए चलना दूभर हो गया है। वहीं बंद पड़ी नालियों का गंदा पानी खेतों में घुसने से भू-कटाव हो रहा है और किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं।
ग्रामीणों ने तरुण पाल के नेतृत्व में लोनिवि के अधिशासी अभियंता मो. राशिद से मिलकर ज्ञापन सौंपा और तत्काल मरम्मत की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार कार्य नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
सहायक अभियंता को मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। मार्ग की मरम्मत शीघ्र करवाई जाएगी और नाली की सफाई कर पानी निकासी की समस्या को दूर किया जाएगा।
-मो. रशीद, अधिशासी अभियंता, लोनिवि, अस्कोट