जिलाधिकारी सुशील कुमार ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर चिकित्सीय सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्कोट के अस्पताल में सप्ताह में दो दिन धारचूला से डाक्टर भेजने और पीपीपी मोड से संचालित मुनस्यारी अस्पताल में खराब एक्सरे मशीन को जल्द ठीक कराने का निर्देश सीएमओ को दिया है।
जिलाधिकारी ने पदभार संभालने के बाद पहली बैठक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ की। जिला मुख्यालय के टीबी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन का पद रिक्त होने की जानकारी मिलते ही डीएम ने निर्देश दिए कि फिलहाल प्रबंध समिति के माध्यम से संविदा में टेक्नीशियन नियुक्त किया जाए। ताकि पैथालाजी का काम सुचारु ढंग से हो सके।
डीएम ने कहा कि लिंगानुपात का स्तर सुधारने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता के अभियान चलाए जाएं। अल्ट्रासाउंड केंद्रों में छापामारी की जाए और बराबर नजर रखी जाए।
डीएम सुशील कुमार ने निर्माणाधीन बेस अस्पताल के बारे में जानकारी हासिल की। उनको बताया गया कि बेस अस्पताल के लिए भूमि समतलीकरण का काम चल रहा है। इसके लिए एक करोड़ की राशि मिल चुकी है। नर्सिंग कालेज के बारे में बताया गया कि इसे टीबी अस्पताल परिसर में स्थापित किया जाएगा। सीएमओ डा. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि जिला और महिला अस्पताल में 50-50 अतिरिक्त बेड स्वीकृत हो गए हैं।