पिथौरागढ़ में आर्मी डे पर आयोजित मैराथन में शामिल धावक
- फोटो : अमर उजाला
आर्मी-डे पर हुई मिनी मैराथन प्रतियोगिता में सेना के जवानों के साथ-साथ कई धावकों ने हिस्सा लिया। सीनियर वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ को ब्रिगेडियर राकेश मनोचा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि जूनियर वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ को जिलाधिकारी डा. रंजीत सिन्हा ने हरी झंडी दिखाई। देवसिंह मैदान से शुरू होकर यह दौड़ वरदायनी मंदिर तक गई।
इस दौरान पूरे मार्ग पर ट्रैफिक को रोक दिया गया। 119 इंफेंट्री ब्रिगेड ग्रुप के 3 कुमाऊं की ओर से यह प्रतियोगिता कराई गई। उद्घाटन अवसर पर 3 कुमाऊं के कमांडिंग अफसर धीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अजय जोशी समेत सेना के कई अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने मतदाता जागरूकता की जानकारी दी। बाद में यह दौड़ देवसिंह मैदान में ही संपन्न हुई। विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए गए।
चंदन और नरेश ने जीती मैराथन
सीनियर वर्ग की दस किलोमीटर की मैराथन में चंदन दिगारी ने पहला स्थान पाया। इस वर्ग में सुनील यादव दूसरे और गुरुप्रीत सिंह तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ में नरेश सिंह ने पहला, हिमांशु वल्दिया ने दूसरा और ललित बिष्ट ने तीसरा स्थान पाया। सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त को 11 हजार रुपए, दूसरे स्थान को 5 हजार और तीसरे स्थान को 3 हजार रुपए का नकद इनाम दिया गया। जूनियर वर्ग में प्रथम को 3 हजार, द्वितीय को 2 हजार और तृतीय को 1 हजार रुपए का नकद इनाम दिया गया।