बैतड़ी क्षेत्र में सशस्त्र पुलिस बल पकड़ी गई अवैध बीड़ी के बंडलों के साथ।
- फोटो : PITHORAGARH
बैतड़ी (नेपाल)। बैतड़ी में सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) ने 1.65 लाख रुपये की बीड़ी से भरी दस अवैध बोरी जब्त की। बीड़ी सीमावर्ती भारतीय बाजार से तस्करी कर लाई जा रही थी। बीड़ी के बंडलों को महाकाली सीमा शुल्क कार्यालय झूलाघाट को सौंप दिया है।
शनिवार को एपीएफ दशरथचंद नगर पालिका-6 के गाजरी में गश्त कर रहा था। इस दौरान कुछ लोग रात के अंधेरे में अवैध रूप से बोरियों को नेपाल से भारत ला रहे थे। एपीएफ को आता देख लोग बोरियों को छोड़कर मौके से फरार हो गए। मौके से 1.65 लाख रुपये के दस बोरी बीड़ी मिली। एपीएफ नेपाल नं 51 गुल्म मुख्यालय बैतड़ी के निरीक्षक हरक बहादुर साउद ने बताया कि सीमा बंद होने पर महाकाली नदी में ट्यूब के सहारे बीड़ी को भारत से लाया गया है। उन्होंने बताया कि जब्त बोरियों को महाकाली सीमा शुल्क कार्यालय झूलाघाट को सौंप दिया गया है। एपीएफ चंद दिनों में तीन लाख की अवैध सामग्री जब्त कर चुका है। एपीएफ के निरीक्षक साउद ने बताया कि बैतड़ी में शिवनाथ नगर पालिका के झूलाघाट, पंचेश्वर और कुस्मौद घाट पर एपीएफ की बीओपी हैं। इसके माध्यम से सीमावर्ती क्षेत्र में नियमित गश्त की जा रही है।