डीडीहाट (पिथौरागढ़)। राजस्व पुलिस ने 11 दिन पहले हुई हत्या के मामले में आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बोरा गांव निवासी प्रकाश कुमार (18) पुत्र विशन राम 21 फरवरी को शिवरात्रि का मेला देखने डीडीहाट आया था। 22 फरवरी को एक महिला ने बोरा गांव से एक किमी दूर गधेरे में उसे पड़े देखा। सूचना पर प्रकाश का भाई भीमराम और अन्य ग्रामीण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया था।
मृतक के भाई भीम राम ने राजस्व पुलिस में हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर सौंपी थी। मामले में उप जिलाधिकारी केएन गोस्वामी के निर्देश पर टीम का गठन किया गया। टीम ने कई दिनों तक छानबीन की। बुधवार को नायब तहसीलदार बरखा ज्याला, कानूनगो चंद्रप्रकाश, पटवारी धनी लाल, विनोद कुमार, हरीश कुमार, पीआरडी जवान सुंदर राम, गोविंद राम, देवेंद्र चुफाल ने टैक्सी स्टैंड से भरत सिंह (25) पुत्र रुद्र सिंह निवासी बाया गांव, दूनाकोट को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में भरत सिंह ने बताया कि वह टैक्सी चालक है। शिवरात्रि के दिन टैक्सी का शीशा तोड़ने के शक में उसकी प्रकाश कुमार के साथ डीडीहाट और दूनाकोट में मारपीट हुई थी। मारपीट के दौरान प्रकाश को चोट लगी थी। घर जाते समय वह गधेरे में गिर गया था। राजस्व पुलिस ने धारा 302 के अंतर्गत मामला दर्ज कर भरत सिंह को जेल भेज दिया है।