पिथौरागढ़। लॉकडाउन के बावजूद एक नाई ने हेयर कटिंग सैलून खोल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सैलून बंद कराया और नाई को गिरफ्तार कर लिया। सुबह के समय घूम रहे चार लोगों का चालान किया है। सुबह टकाना में हेयर कटिंग सैलून खुला था। एसआई अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर सैलून बंद कराया और लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर नासिर अहमद को धारा 188/269, 51बी, आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अब तक आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत अब तक 26 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अधिनियम में 130 लोगों के खिलाफ और 151 सीआरपीसी के तहत 22 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। उधर धारचूला में तब्लीगी जमात प्रकरण में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने पर धारचूला में दीपक वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष विजेंद्र साह ने बताया कि शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शेष अन्य की भी पहचान की जा रही है।