बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। राजस्व क्षेत्र पांखू के डांणू गांव में राजस्व पुलिस के साथ मारपीट के आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया है। हमले में प्रयुक्त हथियार और डंडे भी बरामद कर लिए हैं।
डांणू गांव के डाककर्मी आनंद बल्लभ पाठक ने मोहन पाठक (48) के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की तहरीर राजस्व पुलिस को दी थी। सोमवार को नायब तहसीलदार हिमांशु जोशी के नेतृत्व में राजस्व पुलिस मामले की जांच के लिए डांणू गांव गए थी। इसी दौरान आरोपी मोहन पाठक, उसकी पत्नी नीमा पाठक ने राजस्व टीम पर दरांती और लाठी से हमला कर दिया। इसमें नायब तहसीलदार हिमांशु जोशी, राजस्व उपनिरीक्षक संजय रावत, मनीषा बिष्ट, शिवेंद्र कुमार, होमगार्ड संजय कुमार, प्रकाश बचखेती, प्रेम सिंह, गंगा प्रसाद पंत को हल्की चोट आई। सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों के विरुद्ध सरकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने पर धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम में एसआई मनोज धौनी, सिपाही कैलाश मुरारी, सीता पिल्ख्वाल, रेखा शामिल रहे। मंगलवार को आरोपी पति-पत्नी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।