फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: पिथौरागढ़ के अस्पतालों में एंटी रैबीज वैक्सीन का संकट, मरीज बेहाल

Wed, 01 Apr 2026 10:51 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। पश्चिम एशिया युद्ध का असर सीमांत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ा है। जिले के अस्पतालों में एंटी रैबीज वैक्सीन का संकट गहराने लगा है। कई अस्पतालों में वैक्सीन खत्म होने से घायलों को इसके लिए भटकना पड़ रहा है। देहरादून से आपूर्ति बंद होने से स्वास्थ्य विभाग को स्थानीय स्तर पर खुले बाजार से 50 हजार रुपये की वैक्सीन खरीदनी पड़ी है।
विज्ञापन

दरअसल, एंटी रैबीज वैक्सीन के लिए कच्चे माल की आपूर्ति यूएसए से होती है। पश्चिम एशिया युद्ध के बीच कच्चे माल की आपूर्ति बंद होने से सरकारी अस्पतालों तक वैक्सीन पहुंचने की चेन टूट गई है इसकी मार घायलों को सहनी पड़ रही है। सीमांत जिले में जिला, महिला अस्पताल सहित 60 से अधिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं।
पूर्व में हर पीएचसी, सीएचसी सहित उपकेंद्रों में एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध थी। अब कुछ ही अस्पतालों में वैक्सीन का स्टॉक शेष है। बेड़ीनाग सीएचसी, कनालीछीना, झूलाघाट पीएचसी सहित 30 से अधिक अस्पतालों में एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म होने से कुत्ते, बंदर सहित अन्य जानवरों के हमले में घायल मरीज इसके लिए भटक रहे हैं।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले के अस्पतालों में हर रोज 80 से अधिक लोग एंटी रैबीज वैक्सीन लगाने पहुंचते हैं। आपूर्ति लड़खड़ाने से घायलों को राहत पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर 50 हजार रुपये की वैक्सीन खरीदनी पड़ी है।
दवा की दुकानों में भी वैक्सीन का संकट
सीमांत जिले में डेढ़ हजार से अधिक मेडिकल स्टोर संचालित हैं। कच्चा माल न मिलने से दवा कंपनियों के लिए एंटी रैबीज वैक्सीन तैयार करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में निजी दवा की दुकानों में भी इसकी आपूर्ति घट गई है। वैक्सीन न मिलने से जहां घायल परेशान हैं तो दवा व्यापारियों को भी इससे नुकसान झेलना पड़ रहा है।
केस एक
कुत्ते के हमले में घायल होकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगाने पीएचसी कनालीछीना गया। यहां वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी तो 20 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल जाना पड़ा। - प्रदीप, कनालीछीना

केस दो
कुत्ते के हमले में घायल होकर इलाज के लिए सीएचसी बेड़ीनाग पहुंचा। यहां वैक्सीन नहीं मिली। किस्मत ठीक रही कि मेडिकल स्टोर में सिर्फ एक वैक्सीन मिल गई। अब दूसरी डोज लगाने के लिए जिला मुख्यालय जाना होगा। - कैलाश कुमार, बेड़ीनाग
कोट
देहरादून से एंटी रैबीज वैक्सीन की आपूर्ति बंद हो गई है। अस्पतालों में इसका स्टॉक उपलब्ध है। भविष्य में दिक्कत न हो इसके लिए स्थानीय स्तर पर 50 हजार रुपये से वैक्सीन की खरीद कर इसे अस्पतालों को उपलब्ध कराया जा रहा है। - डॉ. एसएस नबियाल, सीएमओ, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें