बलुवाकोट महाविद्यालय में तीसरे दिन आंदोलन में बैठे छात्र-छात्राएं। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। बलुवाकोट महाविद्यालय में छात्रों ने आठ सूत्री मांगों के लिए सोमवार को भी क्रमिक अनशन किया। तीसरे दिन पंकज धामी और अभिषेक पैतोला अनशन पर बैठे। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं लंबे समय से आठ सूत्री मांगें सबको बता रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
छात्रसंघ अध्यक्ष सागर बिष्ट और अभाविप के कॉलेज अध्यक्ष शशांक ऐरी ने महाविद्यालय से लगी रेडक्रॉस की 52 नाली और 15 नाली वन पंचायत की भूमि महाविद्यालय को हस्तांतरित करने, खाली पदों पर प्राध्यापकों की नियुक्ति, महाविद्यालय को पीजी का दर्जा देने, महाविद्यालय में नए विषयों को मान्यता देने, प्रयोगशाला में लैब सहायक, परिचरों के पद स्वीकृत करने, स्नातक स्तर पर गृह विज्ञान, संगीत, शारीरिक विषयों की स्वीकृति, पुस्तकालय में लाइब्रेरियन पद की स्वीकृति मांगी। इस मौके पर नगर मंत्री हरीश बिष्ट, मनीष पंत, प्रिया चंद, रेखा ठगुन्ना, लक्ष्मी, अदिति, आदित्य धामी, डिगर सिंह, विवेक कुंवर, सूर्यांशु सिंह, पीयूष, तरुण रावत आदि मौजूद रहे।