चंपावत के सल्ली गांव में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित दरिंदगी के मामले में नया मोड़ सामने आया है। नाबालिग के पिता की ओर से कोतवाली चंपावत में फिर एक बार और नामजद तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दी है। पुलिस का कहना है कि पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
सोमवार शाम को पीड़िता के पिता ने कोतवाली चंपावत में सल्ली निवासी कमल रावत, कनलगांव निवासी उसकी महिला मित्र अर्जिता राय और बनबसा निवासी आनंद सिंह माहरा के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने तहरीर में बताया तीनों ने उनकी नाबालिग पुत्री को लालच देकर उसे निर्वस्त्र कर उसकी फोटो और वीडियो को वायरल किया। इसके अलावा कमल रावत ने उन्हें धोखे में रख कर कोतवाली में गलत प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं, कोतवाली प्रभारी बच्ची सिंह रावत ने कहा कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने कोतवाली में नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
तहरीर के आधार पर कोतवाली चंपावत में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ 217, 230, 351(2), 353 (1) (बी), 61 (2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11, 12, 22, 23 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है। पुलिस मामले साक्ष्य संकलन की कार्रवाई कर रही है। - रेखा यादव, एसपी, चंपावत