बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। पंडित गोविंद बल्लभ पंत पब्लिक स्कूल रैतोली के 30 वें वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने बहुरंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर धूम मचाई। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विधायक मीना गंगोला ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र के इस विद्यालय में संचालकों द्वारा चंदा एकत्र कर ग्रामीण परिवेश के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए किया जा रहा प्रयास सराहनीय हैं।
कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं प्राथमिकता से हल की जाएंगी। विधायक ने बेड़ीनाग-रैतोली मार्ग के विस्तारीकरण, रीठारैतोली हाईस्कूल के उच्चीकरण सहित विधायक निधि से रैतोली-गुरैना संपर्क मार्ग और पिल्खी मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। संचालन करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य भवान सिंह ने बताया कि विद्यालय की स्थापना वर्ष 1987 में की गई थी। कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दलबहादुर बाफिला, भाजपा नेता गोकुल गंगोला, महेश पंत, रवींद्र मेहता, ग्राम प्रधान मनोज कुमार, बीडीसी सदस्य आदित्य मोहन बोरा आदि मौजूद थे।