पिथौरागढ़। एलएसएम परिसर के छात्र संघ अध्यक्ष लवराज वर्मा और उपाध्यक्ष मनीषा मेहता ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया और वोट चोरी के मुद्दे पर युवाओं को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में जाने से जबरन रोकना लोकतंत्र की हत्या है।
परिसर में छात्र संघ कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता में दोनों छात्र संघ पदाधिकारियों और युवा नेता ऋृषभ कल्पासी ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार, सीईसी ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए तानाशाहीपूर्ण रवैया अपना रही है। शासन-प्रशासन और पुलिस को भी युवाओं और विपक्ष के नेताओं को धरना-प्रदर्शन में जाने से रोकने के लिए पूरी तरह झोंक दिया गया है, जो सरासर गैर लोकतांत्रिक रवैया है। छात्र नेताओं ने कहा कि दिल्ली में इंटरनेट सेवा, मेट्रो और ट्रेन सेवाएं ठप कर सरकार जनता की आवाज को कुचलना चाह रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा नहीं देने पर पिथौरागढ़ से दिल्ली तक युवाओं के कूच करने की चेतावनी दी।