मुनस्यारी में तहसीलदार को ज्ञापन देते फाफा क्षेत्र के लोग
- फोटो : अमर उजाला
मदकोट से फाफा तक पीएमजीएसवाई की ओर से बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता से क्षेत्र के लोग खासे नाराज हैं। सड़क के मलबे से लोगों की जमीन दब गई है। इस तरह की अव्यवस्था से नाराज लोगों ने 18 जनवरी से सामूहिक रूप से अनशन पर बैठने का ऐलान किया है। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के लोगों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क से निकल रहे मलबे को डंपिंग जोन में डालने के बजाए नाप जमीन पर फेंका जा रहा है। कई स्थानों पर मलबा इतने खतरनाक तरीके फेंका जा रहा है कि वह बारिश के समय तबाही का कारण बन जाएगा। इस सड़क से फाफा, रिंगू, चुलकोट, वैगा, भटकुड़ा, साना गांव जुड़ने हैं, लेकिन सड़क निर्माण में बरती जा रही अनियमितता से लोगों में भारी रोष है।
ज्ञापन देने वालों में एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम दानू, राजेंद्र प्रसाद, सुरेंद्र पाना, दीपक सिंह, देवेंद्र महरा, नवीन सिंह, लक्ष्मण कुमार, गोविंद कुंवर आदि थे। एसडीएम विवेक प्रकाश ने कहा कि पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मानक के अनुसार सड़क का निर्माण करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।