धारचूला (पिथौरागढ़)। रं कल्याण संस्था और दारमा के ग्राम प्रधानों ने 15 जून से बंद तवाघाट-सोबला और सोबला- ढाकर चीन सीमा को जोड़ने वाली सड़क के एक माह बाद नहीं खुलने पर बीआरओ और सीपीडब्ल्यूडी के प्रति नाराजगी प्रकट की है। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजकर संस्था ने कहा कि बरसात से टूटी सड़कें एक माह तक नहीं खोल पाना विभागों की असफलता के निशानी है।
चीन सीमा पर इतनी सुस्ती से काम होने पर जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। सड़क के बंद होने से सीमांत के गरीब बीमार लोग अपना इलाज करने नहीं करा पा रहे हैं। शासन प्रशासन की ओर से लगाए एक मात्र हेली से सैकड़ों लोगों का रेस्क्यू संभव नहीं है। उन्होंने लोनिवि से पुराने मार्गों को दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही आपात स्थिति के लिए सितंबर अंतिम सप्ताह तक हेलीकॉप्टर सेवा बनाए रखने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व अध्यक्ष कृष्णा गर्ब्याल, अध्यक्ष देवकृष्ण फकलियाल, प्रधान जमन दताल, भगवती बनग्याल, सपना बोनाल, बिंदा देवी, महासचिव, राम सिंह ह्यांकी, दीपक रौंकली, मोहन तत्वाल, दिनेश चलाल सहित कई लोग मौजूद रहे।(संवाद)