मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सीमांत पर्यटन नगरी मुनस्यारी में रसोई गैस, डीजल और पेट्रोल की भारी किल्लत ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बुनियादी सुविधाओं के इस अभाव से स्थानीय जनता और व्यापारियों का धैर्य जवाब दे गया जिसके बाद सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और व्यापार संघ ने खाली सिलिंडरों के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि गैस न मिलने से घरों और होटलों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष पूरन पांडे ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो ढाबा और होटल स्वामियों को अपने संस्थानों में ताले लटकाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के एकमात्र पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल खत्म होने से वाहनों के पहिए थम गए हैं जिससे स्थानीय वाहन स्वामियों के साथ दूर-दराज से आए पर्यटक भी बीच रास्ते फंस गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन पर जनता को राहत देने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि रसोई गैस का वितरण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से तत्काल सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पेट्रोल पंप पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता जल्द कराई जाए। चेतावती दी कि यदि जल्द ही गैस और ईंधन का संकट दूर नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष दान सिंह बगरी, शंकर धर्मशक्तू, चंदन धर्मशक्तू, हीरा चिराल, छत्र खत्री, केदार राम, खुशाल हरकोटिया, सुंदर जोहरी, चंद्र गिरी, बबलू ढोकटी, चंद्र प्रकाश आदि शामिल रहे।