पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
ऐंचोली और सल्मोड़ा में हाल ही खोली गई पुलिस चौकियों में रात आठ बजे के बाद आवागमन करने वाले लोगों को पुलिस द्वारा परेशान करने का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया। कहा कि नगर में व्यवसाय करने वाले कई लोग रात आठ बजे अपने प्रतिष्ठान बंद कर इन चौकियों से होकर ही अपने निजी वाहनों से घरों को जाते हैं, लेकिन पुलिस उनको बेवजह परेशान करती है।
पहले भी ऐंचोली चौकी में इस तरह की घटनाएं हुई थी। बाद में पुलिस को इस मामले में ढील देनी पड़ी थी। यह भी कहा गया कि रमन्ने के साथ खनन सामग्री को लाने वाले वाहन स्वामियों को भी चौकियों पर परेशान किया जा रहा है।वाहन स्वामियों का कहना है कि उन पर ऐसी स्थिति में आर्थिक बोझ पड़ रहा है। जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो चक्काजाम किया जाएगा। प्रदर्शन में मयंक वल्दिया, विजय सिंह, अजय बिष्ट, प्रदीप रावत, मही सौन, भुवन वल्दिया, प्रधान प्रेम राम आदि थे।
बोहरा ने दी आत्मदाह की धमकी
चौकियों पर कथित रूप से वाहन स्वामियों और आम नागरिकों के उत्पीड़न से परेशान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा ने कहा कि यदि यह उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो वह 16 सितंबर को पिथौरागढ़ दौरे पर आ रहे मुख्यमंत्री के सामने आत्मदाह कर देंगे। उन्होंने बाकायदा इस मामले की जानकारी डीएम को भी दे दी है।
पुलिसकर्मी गलत काम करें तो जानकारी दें
एसपी रोशन लाल शर्मा ने कहा कि ऐंचोली और सल्मोड़ा पुलिस चौकी आम जनता की मांग पर ही खोली गई हैं, यदि इन चौकियों पर कोई पुलिसकर्मी गलत काम करता है तो तत्काल जानकारी दें। ऐसे पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए ही यह चौकियां खोली गई हैं, इनमें सीसीटीवी भी लगे हैं।