डीडीहाट (पिथौरागढ़)। अराजक तत्वों ने सोमवार की रात सुभाष वार्ड में स्थित दीनदयाल पार्क में तोड़फोड़ कर दी। पार्क में स्थित प्रतिमा के शिलापट और बच्चों के लिए लगाए गए झूलों को तोड़ दिया है। पालिका के मुताबिक उन्हें करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है।
नगर पालिका के सुभाष वार्ड में स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में सोमवार की रात को अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। पालिका प्रशासन के अनुसार अराजक तत्वों ने दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का शिलापट क्षतिग्रस्त कर दिया है।
बच्चों के लिए पार्क में लगाए गए झूलों को भी अराजक तत्वों ने नहीं छोड़ा। पालिका पार्क के पास लगे सीसीटीवी से शरारती तत्वों का पता लगाने में जुट गई है। वहीं एसडीएम और नगर पालिका के प्रशासक श्रेष्ठ गुनसोला ने इस घटना के संबंध में पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है।