अमर उजाला फाउंडेशन का चेक प्राप्त करते बस्तड़ी के आपदा प्रभावित हर्षित और विपिन
- फोटो : अमर उजाला
बस्तड़ी के आपदा पीड़ित बच्चों को बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन ने 48,100 रुपये की राशि के चेक दिए। अमर उजाला की पहल पर आपदा पीड़ित चार बच्चों को ओगला स्थित अभिलाषा एकेडमी में मुफ्त में शिक्षा दी जा रही है। फाउंडेशन ने बच्चों की शिक्षा में आने वाले अन्य खर्च के लिए यह धनराशि दी है।
ओगला अभिलाषा एकेडमी में बुधवार को क्षेत्र के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में धनराशि के चेक दिए गए। वहां पर मौजूद सभी लोगों ने अमर उजाला के प्रयास की सराहना की। कहा कि अमर उजाला ने अपने स्तर से आपदा पीड़ितों की मदद के लिए घटना के दिन 30 जून से ही लगातार प्रयास जारी रखे हैं। अभिलाषा एकेडमी में कक्षा चार में पढ़ने वाले हर्षित भट्ट को 6800 रुपये और उसके छोटे भाई कक्षा एक में पढ़ने वाले विपिन भट्ट को 6600 रुपये का चेक उनकी माता पुष्पा भट्ट की मौजूदगी में दिया गया। अभिलाषा एकेडमी में ही कक्षा सात में पढ़ने वाले अमन भट्ट को 7100 रुपये और उसके भाई कक्षा एक में पढ़ने वाले पीयूष भट्ट को 6600 रुपये का चेक उनके दादा दामोदर भट्ट की मौजूदगी में दिया गया।
अमन और पीयूष के माता-पिता हादसे का शिकार हो गए थे। एमए में पढ़ने वाली ममता भट्ट को 12000 रुपये और एमएससी में पढ़ने वाले उनके भाई मनोज भट्ट को 9000 रुपये का चेक दिया गया। ममता ने अपने भाई का चेक भी खुद ही प्राप्त किया। ममता और मनोज के माता-पिता भी हादसे का शिकार हो गए थे। इस मौके पर मौजूद अभिलाषा एकेडमी के प्रबंधक किशोर पंत ने कहा कि आपदा पीड़ित बच्चों के लिए यह बहुत बड़ी मदद है। उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन का शुक्रिया अदा किया। इस दौरान डीडीहाट व्यापार संघ के उपाध्यक्ष गोविंद भट्ट, बस्तड़ी के समाजसेवी शंकर दत्त भट्ट, लक्ष्मी दत्त जोशी, राम प्रसाद टम्टा आदि उपस्थित थे।