मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। अल्मोड़ा से पर्यटकों को मुनस्यारी लेकर पहुंचे एक वाहन चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई है। मृतक 52 वर्षीय विरेंद्र राणा पुत्र हुकुम सिंह, निवासी मल्ली मिरई, अल्मोड़ा का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, विरेंद्र राणा पर्यटकों को अपनी गाड़ी में लेकर मुनस्यारी पहुंचे थे और स्थानीय होटल में ठहरे हुए थे।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। यह देख होटल कर्मियों और साथी चालकों में हड़कंप मच गया। वे तुरंत बेहोशी की हालत में उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों के लाख प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सीएचसी के डॉक्टर अहमद रजा ने बताया कि अस्पताल लाने पर चालक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। वहीं, इस दुखद घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।