पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मर्सोली, पिथौरागढ़। संवाद
पिथौरागढ़। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय मर्सोली में प्रवेश पाने के लिए विद्यार्थियों ने खासा उत्साह दिखाया है। स्कूल में निर्धारित सभी सीटें फुल हो गई हैं। पिछले साल 23 सीटें रिक्त रह गई थी। सभी सीटें भरने से विद्यालय प्रबंधन में खुशी है।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में 80 सीट निर्धारित है। बेहतर कक्षा कक्ष, छात्रावास सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों ने यहां प्रवेश लेने में खासी दिलचस्पी दिखाई है। प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होते ही विद्यार्थी यहां प्रवेश लेने के लिए पहुंचे। विद्यालय के प्रति विद्यार्थियों का विश्वास बढ़ने से प्रबंधन भी उत्साहित है। वर्तमान में विद्यालय में 510 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय में नवीं में 80 और 11वीं में 80 सीट निर्धारित है। पिछले सत्र में नवीं 68 और 11वीं में 69 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। इस दौरान नवीं में 12 और 11वीं में 11 सीटें खाली रह गई थीं। स्कूल के प्रधानाचार्य प्रदीप मिश्रा ने बताया कि कक्षा छह में सभी सीटों पर प्रवेश पूर्ण हो चुके हैं। पिछले सत्र में रिक्त सीटों पर भी प्रवेश हुए हैं।