पिथौरागढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा करते विधायक मयूख महर
- फोटो : अमर उजाला
विधायक मयूख महर और डीएम एचसी सेमवाल ने बृहस्पतिवार को विकास कार्यों और मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। बैठक में विधायक महर ने विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। शहर में शराब, चरस तस्करी पर भी तल्ख टिप्पणी की। कहा कि पिथौरागढ़ अवैध शराब, चरस तस्करी का हब बन चुका है। विधायक ने शराब की ओवररेटिंग पर भी तत्काल अंकुश लगाने को कहा।
विधायक महर ने कहा कि शहर में अवैध शराब, चरस की खुलेआम बिक्री हो रही है। पुलिस और संबंधित विभाग इस पर अंकुश नहीं लगा सके हैं। उन्होंने कहा कि शराब की दुकानों में ओवररेट लिए जाने की शिकायतें लगातार आ रही हैं, इस पर भी लगाम नहीं लगाई जा रही है। कहा कि नशे से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। इस गोरखधंधे को तत्काल रोकना होगा। विधायक ने विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ ही विकास कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा। विधायक ने लोनिवि से सड़कों को समय पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता के साथ काम करने की हिदायत दी। उन्होंने वड्डा सड़क में रात को काम हॉटमिक्स करने पर नाराजगी जताई।
काम रोकने को कहा। विधायक ने कहा कि आंवलाघाट पेयजल योजना समय पर पूरी हो जानी चाहिए। परिवहन निगम पर चर्चा के दौरान विधायक ने टायरों की व्यवस्था, बसों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। पूर्ति विभाग ने नाकोट में गैस गोदाम के लिए जमीन मिलने की जानकारी दी। विधायक ने कैलास मानसरोवर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने को कहा। बैठक में पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, एसपी रोशन लाल शर्मा आदि मौजूद थे।