पिथौरागढ़ नैनी सैनी हवाई पट्टी का निरीक्षण करते एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के जीएम
- फोटो : अमर उजाला
नैनीसैनी से हवाई संचालन शुरू करने की संभावनाओं को परखने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बुधवार को नैनीसैनी का दौरा किया। एएआई ने पट्टी की अवस्थापना विकास निर्माण की कार्यदायी संस्था को संचालन में बाधक साबित होने वाले अवरोधों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (नादर्न रीजन) के महाप्रबंधक एसके परवार ने पंतनगर एटीसी के डीजीएम बीसी उपाध्याय के साथ नैनीसैनी हवाई पट्टी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पट्टी में अवस्थापना विकास कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने हवाई पट्टी के टर्मिनल टावर, रनवे, फायर स्टेशन, भूमिगत मार्ग आदि निर्माण कार्यों को देखा। अधिकारियों ने खास तौर पर पट्टी में सुरक्षा बंदोबस्त को परखा। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से सुरक्षात्मक कार्यों की जानकारी हासिल की। उन्होंने हवाई संचालन में बाधक साबित हो सकने वाले अवरोधों का जायजा लिया। साथ ही पेड़, खंभे, निर्माण आदि अवरोधक हटाने के निर्देश दिए।
पंतनगर एटीसी के डीजीएम उपाध्याय ने बताया कि हवाई पट्टी पर अवस्थापना विकास का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। कार्यदायी संस्था बाकी कार्यों को अंतिम रूप देने में जुटी है। उन्होंने बताया कि हवाई संचालन में अवरोधकों केे हटाने के साथ ही राज्य नागरिक उड्डयन प्राधिकरण डीजीसीए से अनापत्ति लेने के लिए प्रयासरत है। इस दौरान पंतनगर एटीसी के एजीएम राजीव गुप्ता, हवाई पट्टी की कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल के जीएम आरपी उनियाल, प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल रतूड़ी आदि थे।