पिथौरागढ़। हल्द्वानी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के यात्रियों को मौसम का साथ नहीं मिला। दिल्ली और देहरादून से विमान पहुंचे लेकिन हल्द्वानी और अल्मोड़ा रूट पर संचालित हेलिकॉप्टर की खराब मौसम ने उड़ान रोक दी। ऐसे में 20 से अधिक यात्रियों को रोडवेज और टैक्सी के सहारे सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
पिथौरागढ़, देहरादून और दिल्ली रूट पर विमान सेवा जबकि हल्द्वानी, अल्मोड़ा रूट पर हेलिकॉप्टर सेवा संचालित है। रविवार को दिल्ली और देहरादून रूट पर हवाई सफर करने वालो यात्रियों का मौसम ने साथ दिया। इस रूट पर विमान सेवा संचालित होने से 80 से अधिक यात्रियों ने हवाई सफर किया। खराब मौसम ने हेलिकॉप्टर सेवा की राह रोक दी। मौसम अनुकूल न होने पर हेलिकॉप्टर हल्द्वानी और अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान नहीं भर सका।
एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को बुकिंग कैंसिल का मैसेज आया तो निराश होकर लौटना पड़ा। ऐसे में 20 से अधिक यात्री रोडवेज बस और टैक्सी के सहारे सफर करने के लिए मजबूर हुए। एयरपोर्ट मैनेजर सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि मौसम में खराबी के चलते हेलिकॉप्टर सेवा स्थगित रही। विमान सेवा संचालित हुई। मौसम ठीक होने पर सभी सेवाएं नियमित संचालित होंगी। संवाद