पिथौरागढ़ में चाय की दुकान में चर्चा करते लोग
- फोटो : AMAR UJALA
लोक सभा चुनाव की तिथि नजदीक आते ही विभिन्न दलों के प्रत्याशी और समर्थक वायदे लेकर पहुंचने लगे हैं। लोगों का कहना है कि देश में बेरोजगारी आज के समय में बड़ी समस्या बनकर उभरी है। सीमांत जिले में ढाई दशक बाद शुरू हुई हवाई सेवा कुछ दिनों में ही बंद हो गई। राजनीतिक दलों को हवाई वायदे नहीं करने चाहिए।
रविवार को पिथौरागढ़ नगर के एक रेस्टोरेंट में आयोजित चुनावी चर्चा में लोगों के बीच बेरोजगारी और सीमांत की हवाई सेवा ही प्रमुख मुद्दा रही। लोगों ने कहा कि देश में बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। जबकि नौकरियों के अवसर लगातार कम हो रहे हैं। रोजगार के लिए शिक्षित युवा भटक रहे हैं। यह स्थिति निराश करने वाली है। कहा कि जो भी सरकार बने उसे रोजगार की दिशा में ठोस प्रयास करने होंगे। चाय की चुस्कियों के बीच सीमांत की हवाई सेवा भी चर्चाओं में आई। लोगों ने कि पिथौरागढ़ की सड़कों की हालत बेहद खराब है। दशकों बाद यहां से पंतनगर और देहरादून के लिए हवाई सेवा शुरू हुई थी। इससे लोग खुश थे लेकिन यह सेवा कुछ दिन में ही बंद हो गई। यह बेहद निराशाजनक है। कहा कि सरकारों और नेताओं ने जनता को झूठे आश्वासनों से बरगलाने के बजाय विकास पर ध्यान देना चाहिए। चाय पर चर्चा में टीका राम पांडेय, जावेद खान, अहमद खान गदीरी, गजेंद्र सिंह बिष्ट, मोहम्मद जाकिर, भुवन चंद्र कापड़ी, कलीम शामिल रहे।