आखिरकार पिथौरागढ़-देहरादून रूट पर सात महीने से बंद विमान सेवा फिर से बहाल हुई है। अब सीमांत के लोगों को 12 घंटे के थकावट भरे सफर से मुक्ति मिलेगी। सिर्फ 45 मिनट में यात्री देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच आवाजाही कर सकेंगे। शुभारंभ पर विमान में सिर्फ खास ने सफर किया। आम लोग इसमें मंगलवार से सफर कर सकेंगे।
रामनवमी पर पिथौरागढ़-देहरादून के बीच विमान सेवा बहाल हुई है। देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस रूट पर 42 सीटर विमान सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे सीमांत जिले के लिए उपलब्धि बताया। शुभारंभ पर विमान दिल्ली से वाया देहरादून होते हुए नैनीसैनी पहुंचा तो जिले के लोगों के चेहरे पर रौनक लौटी।
फायर सर्विस ने वाटर कैनन से यात्रियों का स्वागत किया गया। शुभारंभ पर कुछ खास लोग ही देहरादून से विमान से नैनीसैनी पहुंचे। विमान संचालन कंपनी के मुताबिक मंगलवार से सभी यात्री विमान में सफर कर सकेंगे। देहरादून से पहुंचे यात्रियों का नैनीसैनी एयरपोर्ट में छलिया नृत्य के साथ स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने विमान सेवा की बहाली पर केक काटा। उन्होंने कहा कि विमान सेवा शुरू होने से पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे जिले में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और रोजगार व निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
इस मौके पर डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल, दायित्वधारी गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर कल्पना देवलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे आदि मौजूद रहे।
नैनीसैनी एयरपोर्ट से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए विमानों के उड़ान भरने की उम्मीद जगी
दिल्ली रूट पर संचालित विमान ही भरेगा सप्ताह में तीन दिन देहरादून के लिए उड़ान
दिल्ली रूट पर नैनीसैनी से सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को 42 सीटर विमान सेवा संचालित है। लंबे समय से देहरादून रूट पर बंद हवाई सेवा को भी इसी विमान के सहारे बहाल किया गया है। दिल्ली रूट पर संचालित विमान ही इन तिथियों में देहरादून रूट पर भी उड़ान भरेगा। इसी विमान के सहारे दोनों रूटों पर लोगों को हवाई सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
यह होगा उड़ान का समय
रूट प्रस्थान का समय आगमन का समय
दिल्ली से पिथौरागढ़ 10.55 12.15
पिथौरागढ़ से देहरादून 12.40 1.25
देहरादून से पिथौरागढ़ 1.50 2.35
पिथौरागढ़ से दिल्ली 3.00 4.15