पिथौरागढ़ में समस्या को लेकर प्रदर्शन करते आप कार्यकर्ता।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। डिग्री कॉलेज रोड पर सड़क के बीचोंबीच बह रहे सीवर की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि तीन माह से मोटरमार्ग में सीवर बह रहा है। इस कारण लोगों का चलना मुश्किल हो गया है।
आप के वरिष्ठ नेता छवि वर्मा के नेतृत्व में रविवार को महाविद्यालय मार्ग पर शनि मंदिर के पास कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर जल संस्थान और पेयजल निगम के खिलाफ नारे लगाए।
छवि ने कहा कि कई बार दोनों विभागों को लिखित और मौखिक शिकायत की गई, लेकिन 90 दिन बीत जाने के बाद भी सीवर लाइन की सफाई नहीं हो पाई है।
जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. लोकेश जोशी ने कहा कि सड़क में सीवर का मेन होल बंद होने से सारी गंदगी बीच में बह रही है। गंदगी और बदबू से आम आदमी का चलना दूभर हो गया है।
राह चलते लोगों के ऊपर वाहनों के टायरों से गंदगी पड़ रही है। कहा कि समस्या का निदान नहीं किया तो स्थानीय जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में राकेश वर्मा, नवीन शर्मा, सुरेश जोशी, शंकर राम, मनोज आर्या, नीरज भट्ट आदि रहे।